भगोरिया है क्षेत्र की संस्कृति - मंत्री सुरेन्द्र बघेल
इंदौर। भगोरिया मालवा के आदिवासी अंचल की परंपरा और संस्कृति है। मध्य प्रदेश सरकार इसके संरक्षण के लिए और प्रयास करेगी। आने वाले समय में भगोरिया पर केंद्रित राष्ट्रीय स्तर की छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इससे आदिवासी अंचल की संस्कृति राष्ट्रीय स्तर पर चिन्हित हो सकेगी।
पर्यटन मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने आज इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने गत भगोरिया पर्व के दौरान इंदौर के छायाचित्रकारों द्वारा लिए गए फोटोग्राफस पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उत्कृष्ट छायाचित्रों के लिए पुरस्कार वितरित किए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने कार्यक्रम में सुझाव दिया कि भगोरिया पर राष्ट्रीय स्तर के छायाचित्रकारों को आमंत्रित कियाजाना चाहिए।
प्रेस क्लब के महासचिव नवनीत शुक्ला ने कहा कि भगोरिया के परम्परागत स्वरूप के संरक्षण की महती आवश्यकता है। वर्तमान में शहरी संस्कृति के प्रभाव के कारण भगोरिया का मूल स्वरूप ख़तरे में दिखाई दे रहा है।
कार्यक्रम में वाराणसी से आए वरिष्ठ छाया चित्रकार विनय कुमार रावल ने इस आयोजन को सराहा और उपस्थित छायाचित्र कारों को फोटोग्राफ़ी की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में पद्मश्री मालू मोढ़े और वरिष्ट पत्रकारगण उपस्थित थे।